फिरोजाबाद। जनपद में स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों और नगर शिक्षा अधिकारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी, फिरोजाबाद द्वारा जारी आदेशों और परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गठित निरीक्षण टीमों के साथ समन्वय बनाकर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के सभी स्कूली वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करें।
जांच के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी), चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्य रूप से जांच की जाएगी। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही न हो। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





