फिरोजाबाद। घंटाघर चौराहे के पुनर्निर्माण और हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सोमवार को व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। घंटाघर बाजार समिति और फिरोजाबाद व्यापार मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी ढोल-नगाड़ों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रविन्द्रलाल तिवारी और महानगर अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। इसी के विरोध में व्यापारियों ने सांकेतिक रूप से ढोल-नगाड़े बजाकर प्रदर्शन किया।
व्यापारियों ने घंटाघर चौराहे पर पूर्व प्रस्तावित नक्शे के अनुसार चार पिलर वाला घंटाघर बनाने की मांग की। उनका कहना था कि घंटाघर शहर का प्रमुख व्यापारिक और ऐतिहासिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। चार पिलर वाला घंटाघर बनने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और धार्मिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक आयोजनों की शोभायात्राओं के संचालन में भी सुविधा मिलेगी। व्यापारियों ने नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि अभियान के दौरान दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है तथा कई स्थानों पर दुकानों के टिनशेड और सामान को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर किसी भी प्रकार का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था, मुख्य बाजारों में छांव की सुविधा तथा स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की। इसके अलावा गांधी पार्क चौराहा, क्लब चौराहा और कोटला चुंगी चौराहे पर दोपहिया वाहन चालकों के बिना हेलमेट चालान न किए जाने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान मदनलाल वर्मा, राजेश अग्रवाल, रामबाबू झा, विजय भामानी, अर्जेश उपाध्याय, परसराम लालवानी, दिनेश यादव, भानु उपाध्याय, शुभम राजपूत, नवीन उपाध्याय, नीतू शर्मा, सतीश सिंघानिया, महेंद्र सविता, भरत तिवारी, राजपाल यादव, राकेश बाबू, सौरभ पोरवाल, रजनीश यादव, इनाम सिंह प्रजापति, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।





