फिरोजाबाद। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा जोन और रसूलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 102.66 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर एएनटीएफ आगरा और रसूलपुर पुलिस ने नेशनल हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या ओडी-02-डीए-0721 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक से 102.66 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ वंशल निवासी विसावर थाना सादाबाद, हाथरस, विजय कुमार निवासी नगला मदारी, सुभाष सिंह निवासी रतीगढ़ी थाना सादाबाद, हाथरस, चंदन निवासी नजरपुर थाना जगतपुर, जिला कटक (उड़ीसा) तथा चिरंजीव वेज उर्फ टू-टू निवासी जगतपुर, जिला कटक (उड़ीसा) के रूप में हुई है। पूछताछ में सौरभ वंशल ने बताया कि उसका साथी अंकित गुप्ता लंबे समय से परिचित है। दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने की योजना बनाई थी। योजना के तहत अंकित गुप्ता, विजय और सुभाष उड़ीसा के कोरापुट क्षेत्र पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात ट्रक चालक चंदन से हुई। चंदन ने अपने संपर्कों के माध्यम से गांजे की खेप उपलब्ध कराई और उसे ट्रक में लादकर उत्तर प्रदेश लाया गया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अपने गृह जनपद में गांजा उतारने पर संदेह होने की आशंका के चलते उन्होंने फिरोजाबाद क्षेत्र को चुना था। यहां गांजा उतारकर आगे सप्लाई की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी अंकित गुप्ता भी मौके पर अपनी कार में मौजूद था, लेकिन कार्रवाई के दौरान वाहन लेकर फरार हो गया। बरामद गांजा और ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।










