चंद्रवार जैन मंदिर में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ ग्राम चंद्रवार स्थित ऐतिहासिक राजा चंद्रसेन के किले और चंद्रवार जैन मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इन ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। जिलाधिकारी ने कहा कि राजा चंद्रसेन का किला और चंद्रवार जैन मंदिर जनपद की अमूल्य विरासत हैं तथा यह क्षेत्र भारत के गौरवशाली इतिहास का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन ऐतिहासिक स्थलों को सुरक्षित रखते हुए उनके संरक्षण और संवर्धन की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएं।

उन्होंने बताया कि चंद्रवार जैन मंदिर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिससे यहां के इतिहास, संस्कृति और विरासत की जानकारी आधुनिक पीढ़ी तक पहुंच सके। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा तथा धरोहरों के मूल स्वरूप को बनाए रखते हुए उनका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए इन धरोहरों का जीवंत बने रहना आवश्यक है। जिला प्रशासन इन स्थलों की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने और उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से भी अपील की कि वे इन ऐतिहासिक स्थलों की स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top