• Home
  • फिरोजाबाद
  • अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर हमला

अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर हमला

फिरोजाबाद। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती समारोह में भाग लिया। इससे पूर्व पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उनके हेलीकॉप्टर के उतरने पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। इंडिया गठबंधन के भविष्य से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन वर्ष 2024 में ही बिखर चुका है और जनता इसका वास्तविक स्वरूप देख चुकी है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में पूरी तरह असफल रहा है। उनके अनुसार विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति और बयानबाजी तक सीमित है, जिसका जवाब देश की जनता समय-समय पर देती रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 के चुनाव तक कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की स्थिति और कमजोर हो जाएगी तथा जनता नया विकल्प तलाश लेगी।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का इतिहास संतों और रामभक्तों के सम्मान का नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों पर गोली चलाने और संतों की उपेक्षा करने वाली पार्टी अब वोट बैंक की राजनीति के लिए अलग चेहरा दिखाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता उनके चरित्र को भली-भांति जानती है। हाईकोर्ट की टिप्पणी को लेकर भाजपा पर सवाल उठाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसी प्रकार विपक्ष भी अपनी भूमिका का आत्ममंथन करे। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता ही करती है।

पुलिस पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की मानसिकता और राजनीतिक दृष्टिकोण का परिणाम है। ऐसे आरोप निराधार हैं और जनता इन बातों पर विश्वास नहीं करती। इस अवसर पर अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल और टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, सदर विधायक मनीष असीजा, एमएलसी विजय शिवहरे, महापौर कामिनी राठौर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top