फिरोजाबाद। फिरोजाबाद नगर में आचार्य निर्भय सागर महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस दौरान मुनि अमित सागर और उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ससंघ के साथ उनका ऐतिहासिक महामिलन भी हुआ। आचार्य निर्भय सागर महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश रसूलपुर से प्रारंभ हुआ। रसूलपुर जैन मंदिर में आचार्य श्री की भेंट उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ससंघ से हुई। इसके पश्चात उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ससंघ आगरा के लिए विहार कर गए। अटावाला जैन मंदिर में मुनि अमित सागर महाराज ससंघ का आचार्य श्री के साथ भव्य महामिलन हुआ। इसके बाद दोनों गुरुदेव अपने-अपने संघ और हजारों श्रद्धालुओं के साथ दूध वाली गली होते हुए चंद्रप्रभु जैन मंदिर पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
मंदिर परिसर में आयोजित विशाल धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य निर्भय सागर महाराज ने कहा कि मनुष्य को धर्म के प्रति हमेशा समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को पूर्ण भक्ति भाव से धार्मिक क्रियाएं करनी चाहिए, जिससे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं। मंगल प्रवेश के दौरान संभव प्रकाश जैन, मनीष जैन, राजीव जैन, राज जैन, रजत जैन, अमन जैन, अरुण जैन, मुकेश जैन, अजय जैन बजाज, अजय जैन एड, ललितेश जैन और महेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





