रायबरेली। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तथा सभी पदाभिहित मतदेय स्थलों पर निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी। कोई भी मतदाता इन स्थानों पर जाकर अपने या अपने परिजनों का नाम मतदाता सूची में देख सकता है।
इसके अतिरिक्त आमजन की सुविधा के लिए अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची को जिला निर्वाचन अधिकारी, रायबरेली की आधिकारिक वेबसाइट और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जहां ऑनलाइन माध्यम से भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है, ताकि वे इसका सत्यापन कर सकें।





