हाथरस। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर मिल रही शिकायतों और शादी-विवाह के चलते व्यावसायिक सिलेंडरों की बढ़ती मांग के बीच कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की, जिसमें संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी एजेंसी पर कमी नहीं है। उपभोक्ताओं द्वारा आशंका के चलते अधिक बुकिंग करने से एजेंसियों पर भीड़ की स्थिति बन रही है। वहीं शादी-विवाह कार्यक्रमों के लिए जरूरत से अधिक 10-12 सिलेंडरों की मांग की जा रही है, जबकि सामान्यतः 3-4 व्यावसायिक सिलेंडर पर्याप्त होते हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शादी-विवाह के लिए प्राप्त आवेदनों का विवरण गूगल शीट के माध्यम से दर्ज कर संबंधित अधिकारियों और एजेंसी संचालकों के साथ साझा किया जाए, जिससे वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित हो सके। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों पर हेल्प डेस्क स्थापित करने, ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ताओं के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक एजेंसी पर स्टॉक और आपूर्ति की जानकारी दर्शाने वाले सूचना बोर्ड लगाने को भी कहा।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि यदि किसी एजेंसी पर अधिक भीड़ हो तो तत्काल संबंधित पूर्ति निरीक्षक या प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी दी जा सके। ऑयल कंपनियों को भी बैकलॉग को शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, एलपीजी विक्रय अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।





