आगरा/मथुरा। आगरा मंडल में 8वें पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान की शुरुआत प्रयागराज स्थित केंद्रीय चिकित्सालय से हुई, जिसके बाद इसे मंडल के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों तक विस्तार दिया गया। पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इसी क्रम में “माँ की सेहत से जुड़ी है शिशु के स्वस्थ भविष्य की डोर” थीम के अंतर्गत आगरा छावनी स्थित मंडल रेल चिकित्सालय में एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में डॉ. अवंतिका सिंहा और डॉ. सपना कुमारी ने महिला मरीजों को गर्भावस्था के दौरान बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से एनीमिया की रोकथाम, उचित पोषण, आयरन युक्त आहार और नियमित जांच के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाना है। यह पोषण पखवाड़ा 23 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों और परामर्श सत्रों के माध्यम से जारी रहेगा, जिसमें रेलवे का चिकित्सकीय दल अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी प्रदान करेगा।





