हाथरस। सीकुर से अकबरपुर मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर भरे गंदे पानी ने आवागमन को बाधित कर दिया है और स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। इस दौरान छात्राओं को पानी से होकर गुजरते हुए देखा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या अब बीमारियों का केंद्र बनती जा रही है। ठहरे हुए पानी में मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं गंदे पानी के संपर्क में आने से त्वचा रोग, हैजा और टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है। जलभराव के चलते ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है या खराब मार्गों से गुजरना पड़ता है। कई बार वाहन फंसने या खराब होने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीण संजय चौधरी, रमेश चंद, रंजीत सिंह, प्रवीण कुमार, विष्णु कुमार, अमर सिंह और वीरेंद्र चौधरी सहित कई लोगों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्राम प्रधान बॉबी सिंह ने बताया कि अस्थायी राहत के तौर पर समय-समय पर पंप सेट से पानी निकाला जाता है। साथ ही स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भेजी गई है, जिसमें करीब 300 से 400 मीटर लंबी नाली बनाकर पानी को तालाब तक पहुंचाने का प्रस्ताव रखा गया है।





