फिरोजाबाद। एसडी मेमोरियल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह पालीवाल हॉल में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रबंधक विजयपाल लहरी, प्रधानाचार्य मिथलेश दीक्षित, कमलेश दीक्षित और दिनेश दीक्षित ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद छात्राओं ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आकर्षक आगाज किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बच्चों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नरसिंह अवतार, लव-कुश, केसरी के लाल, शिव-सती, मोबाइल एडिक्शन, ऑपरेशन सिंदूर, फैमिली थीम, हंगर थीम, नारी शक्ति, चाइल्ड लेबर और सेव ट्री जैसे विषयों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने सामाजिक जागरूकता के महत्वपूर्ण संदेश दिए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच से शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ लहरी और मोहित लहरी ने किया, जिन्होंने अतिथियों का पट्टिका और मोमेंटो देकर सम्मान भी किया।
कार्यक्रम में अभिनेता मनोज शर्मा, महिमा शर्मा, भानु उपाध्याय, विकास लहरी, अनिल परिहार, नरेश शर्मा ‘नीटू’, आशीष दिवाकर, मनीष शर्मा, उग्रसेन पांडे, तरुण उपाध्याय, संकल्प शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, दर्शन पांडे, अनुपम शर्मा, राजेश दुबे और शिवाकांत पलिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





