• Home
  • हाथरस
  • खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शहर से गांव तक नमूनों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शहर से गांव तक नमूनों की जांच

हाथरस। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई के दौरान अलीगढ़ रोड स्थित स्मार्ट बाजार से रिफाइंड सोयाबीन तेल, पास्ता, पारले-जी बिस्किट, खुली अरहर दाल, रुचि गोल्ड रिफाइंड पामोलिन ऑयल, कैच ब्रांड हल्दी पाउडर और अमूल प्रोसेस्ड चीज स्प्रेड के नमूने लिए गए। वहीं राधे स्वीट्स से मावा तथा विजयगढ़ रोड स्थित खोजन पनीर डेरी से पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा गया।

तहसील सिकंदराराऊ के पुरदिलनगर स्थित सैनिक कैंटीन से गार्गी ब्रांड धनिया पाउडर और साबुत धनिया के नमूने लिए गए। इसके अलावा A1 फ्लोर मिल से गेहूं और गांधीगंज क्षेत्र की एक दुकान से डालडा ब्रांड वनस्पति का नमूना लिया गया। शिकायत के आधार पर सिकंदराराऊ स्थित जय स्वीट्स से बालूशाही का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया। शहर के तरफरा रोड स्थित केएम फ्लोर मिल से आटा, जलेसर रोड स्थित गोपाल डेरी से दही और पीके प्रोविजन स्टोर से लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए।

मधुगढ़ी स्थित निजाम होटल के निरीक्षण के दौरान तैयार चिकन करी का नमूना भी लिया गया। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास, पारुल सिंह, करतार सिंह, सुरेंद्र कुमार गोंड और ओमकार कुशवाहा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top