फिरोजाबाद। राइट टू एजुकेशन एक्ट एवं सर्व शिक्षा अभियान के तहत चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत सरोजिनी नायडू जूनियर हाईस्कूल से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो बच्चे स्कूल में पढ़ रहे हैं, वे अपने आसपास के ऐसे बच्चों को भी स्कूल आने के लिए प्रेरित करें, जो किसी कारणवश अभी तक विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री शिक्षा के प्रसार के लिए कृतसंकल्पित हैं।
बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। विद्यालय भवनों को हाईटेक बनाया जा रहा है और परिसर को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। प्रशिक्षित अध्यापकों द्वारा शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जो अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेजते, उन्हें बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए मैसेज भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है।
चाइल्ड फंड इंडिया पेस-दिशा के एजुकेशन कोऑर्डिनेटर अनुपम शर्मा ने कहा कि उनकी संस्था सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए सहयोग कर रही है। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार ने बताया कि विद्यालय में शिक्षण के साथ-साथ योग और खेलकूद के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।
रैली का शुभारंभ बीएसए ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर अमित विद्यार्थी, प्रयाग दत्त शर्मा, अक्षय उपाध्याय, योगेंद्र यादव, कमरुद्दीन, विधि मित्तल, मनोज यादव, अनीता शंखवार, रेखा यादव, प्रेमलता, आस्था सक्सेना, हनुमंत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





