फिरोजाबाद। महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रतीक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा एक भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर एकजुटता और सशक्तिकरण का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा और महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली गांधी पार्क से शुरू होकर सिनेमा चौराहा, गंज चौराहा, शास्त्री मार्केट और सदर बाजार होते हुए घंटाघर पर जाकर समाप्त हुई।
रैली के दौरान महिलाओं ने “नारी शक्ति जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ अपने उत्साह का प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की करोड़ों माताओं और बहनों के सम्मान, अधिकार और आत्मबल को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसे केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि “नारी तू नारायणी” की भावना को साकार करने का प्रयास बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। रैली में शामिल महिला संगठनों की प्रतिनिधियों ने भी इस अधिनियम को महिलाओं के सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। रैली में शामिल महिलाओं ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार अहम निर्णय लिए जा रहे हैं।
इस अवसर पर संयोजक अंकित तिवारी, अनुपम शर्मा, आनंद अग्रवाल, प्रमोद पाल बघेल, रामनरेश कटरा, नमन बंसल, डॉ. दुर्गेश यादव, रामलड़ती, विमलेश जाटव, आकाश गुप्ता, हेमंत मित्तल, आकृति सहयोग, देश दीपक राजा गुप्ता, प्राचीर गुप्ता, गौतम कुशवाहा, लायक सिंह, पार्षद पूनम शर्मा, प्रमोद राजोरिया, उषा देवी और केके गांधी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





