• Home
  • कानपुर नगर
  • रसोई गैस सिलेंडर डिलीवरी में फर्जीवाड़ा, रिटायर शिक्षक को नहीं मिला सिलेंडर

रसोई गैस सिलेंडर डिलीवरी में फर्जीवाड़ा, रिटायर शिक्षक को नहीं मिला सिलेंडर

अवनीश सिंह: कानपुर। नगर के मझावन क्षेत्र निवासी रिटायर शिक्षक मोहम्मद जावेद के साथ गैस वितरण प्रणाली में गंभीर लापरवाही और कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कृष्णा गैस एजेंसी (साढ़), कानपुर द्वारा उपभोक्ता के नाम पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी रिकॉर्ड में दिखा दी गई, जबकि वास्तविकता में सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया गया।
पीड़ित मोहम्मद जावेद (उपभोक्ता संख्या 611150) ने बताया कि उन्होंने 24 मार्च 2026 को केवाईसी (KYC) कराई थी। इसके बाद जब वे सिलेंडर बुक कराने एजेंसी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर 23 मार्च 2026 को ही सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज की जा चुकी है। एजेंसी ने यह भी कहा कि अब अगली बुकिंग 7 मई को ही संभव होगी। पीड़ित के अनुसार उन्हें न तो कोई सिलेंडर प्राप्त हुआ और न ही डिलीवरी से संबंधित कोई सूचना दी गई। जबकि नियमों के अनुसार गैस सिलेंडर की डिलीवरी उपभोक्ता के मोबाइल पर भेजे गए OTP के सत्यापन के बाद ही की जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि बिना OTP के यह सिलिंडर किसे और कैसे दे दिया गया ?
मोहम्मद जावेद ने बताया कि उन्होंने कई बार जिलाधिकारी (DM), अपर जिलाधिकारी (ADM सप्लाई) और जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) को फोन कर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 92616400029349 में उल्लेख है कि एजेंसी द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को सिलेंडर दे दिया गया, जिससे उपभोक्ता को परेशानी हुई। फिलहाल शिकायत लंबित है और जांच के लिए संबंधित अधिकारी को भेजी गई है।
शिकायत का असर भी तुरंत देखने को मिला। जनसुनवाई में मामला पहुंचते ही गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ता को फोन कर शनिवार तक सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। हालांकि एजेंसी की ओर से यह भी कहा गया कि यदि किसी अधिकारी का फोन आए तो समाधान होने की जानकारी दे दी जाए, लेकिन पीड़ित का कहना है कि जब तक उन्हें वास्तविक रूप से सिलिंडर प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक समाधान मानना उचित नहीं होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस सिलेंडर की डिलीवरी रिकॉर्ड में दिखाई गई, वह किस व्यक्ति को और किन परिस्थितियों में दिया गया। यह एजेंसी की गंभीर लापरवाही या संभावित अनियमितता को दर्शाता है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
गौरतलब है कि वर्तमान परिस्थितियों में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। ऐसे समय में गैस वितरण में इस प्रकार की गड़बड़ी उपभोक्ताओं की परेशानी को और बढ़ा सकती है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि बिना सिलेंडर प्राप्त किए OTP किसी को न दें और डिलीवरी से संबंधित हर जानकारी पर नजर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top