फिरोजाबाद। नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत रंगोली, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही मानव श्रृंखला और जागरूकता रैली निकालकर समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
महात्मा गांधी बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज में प्राचार्या डॉ. प्रियादर्शिनी उपाध्याय के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशा, डॉ. आकांक्षा यादव तथा माथुर वैश्य संस्था की अध्यक्ष सहित अन्य समाजसेविकाओं के संयुक्त तत्वावधान में नारी शक्ति वंदन रैली निकाली गई। छात्राओं ने रैली के दौरान नारी सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नारी के सशक्त होने से ही देश सशक्त बन सकता है। इस अवसर पर स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने अपने विचारों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया।
वहीं दाऊदयाल महिला महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. रेनू वर्मा के निर्देशन में 125 स्वयंसेविकाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षाप्रद और थीम आधारित पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 55 वॉलिंटियर्स, कैडेट्स और रेंजर्स ने भाग लिया। प्रतियोगिता में रुबी और कैडेट छवि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सलोनी सक्सेना और वैभवी चतुर्वेदी द्वितीय स्थान पर रहीं। शिवानी और अंजलि को तृतीय स्थान मिला, वहीं प्रिया और मोनल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
रंगोली प्रतियोगिता में 33 प्रतिशत महिलाओं के संसद में आरक्षण की थीम पर बनाई गई रंगोली को प्रथम स्थान मिला। अन्य प्रविष्टियों में 10 और 13 नंबर की रंगोली को द्वितीय तथा 8 और 14 नंबर की रंगोली को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. माधवी सिंह, डॉ. सरिता रानी और साक्षी मिश्रा ने किया। निर्णायक मंडल में प्रो. विनीता यादव, प्रो. विनीता गुप्ता और डॉ. ज्योति अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।





