आगरा/मथुरा। आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। रेलवे मजिस्ट्रेट अमन कुमार और सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) संजय गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई गई। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और आने-जाने वाली ट्रेनों में व्यापक जांच की गई। इस दौरान कई यात्री बिना टिकट या अनियमित रूप से यात्रा करते पाए गए। कुछ यात्रियों ने जांच से बचने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान कुल 137 अनियमित यात्रियों से ₹66,180 का जुर्माना वसूला गया। इनमें 46 बिना टिकट यात्रियों से ₹33,430 और 48 अनियमित यात्रियों से ₹21,450 वसूले गए। इसके अलावा बिना बुक सामान के 2 मामलों में ₹700 तथा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने पर 3 यात्रियों से ₹600 का जुर्माना लिया गया। इसके अतिरिक्त 8 बिना टिकट और 28 अनियमित यात्रियों सहित एक लोडर और एक अनाधिकृत वेंडर के खिलाफ कुल 38 मामलों में न्यायालय प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पर ₹10,000 का दंड निर्धारित किया गया।
अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक आर.के. सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक राशिद जमील और अजय सोनी सहित बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौजूद रहे। आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, अतिरिक्त सामान की उचित बुकिंग कराएं और रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें।





