फिरोजाबाद। लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले कानून को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने वाला सराहनीय और ऐतिहासिक कदम बताया। विकास भवन स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय में आयोजित वार्ता के दौरान शिक्षा जगत से जुड़ी रक्षा कुलश्रेष्ठ ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बढ़ते अत्याचारों पर चिंता जताते हुए कहा कि महिलाओं को किसी पर भरोसा करने से पहले उसे परखना चाहिए, ताकि वे शोषण से बच सकें।
पेस चाइल्ड फाउंडेशन इंडिया की प्रतिनिधि रेखा वर्मा और अधिवक्ता पूनम वर्मा ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना अत्यंत सराहनीय निर्णय है। यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक और प्रभावी कदम है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार ने कहा कि महिलाओं को हर स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे समाज में जागरूकता और समानता को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान महिला कल्याण विभाग की संरक्षण अधिकारी अपर्णा कुलश्रेष्ठ भी मौजूद रहीं।










