हाथरस। गांव अजरोई के ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तहसील प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। शनिवार को बड़ी संख्या में तहसील पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके घरों में सीमित बिजली उपयोग—जैसे एक पंखा और एलईडी बल्ब—के बावजूद स्मार्ट मीटर हजारों रुपये का बिल दिखा रहे हैं। ग्रामीणों ने इसे आर्थिक उत्पीड़न बताते हुए कहा कि इतने अधिक बिलों का भुगतान करना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर सही रीडिंग नहीं दे रहे हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने मांग की कि वर्तमान में लगे स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाया जाए और उनकी जगह पुराने मीटर रीडिंग वाले मीटर लगाए जाएं या फिर मासिक शुल्क के आधार पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन में शीतल सिंह, राकेश सिंह, अनिल कुमार, श्यौराज सिंह, देवा सिंह, जगपाल सिंह, मलि खान सिंह, मीना, सविता, पूजा देवी, प्रमोद सिंह, सोमवती देवी, भूरा, रवि, कोमल सिंह, तेजवीर सिंह, देशराज सिंह, मंजू देवी शर्मा, ओमी देवी और सुंदरलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। उपजिलाधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों से प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










