रायबरेली। जनपद के बछरावा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजकीय विद्यालय ओसाह, शिवगढ़ में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम में पहुंचकर विधायक ने सबसे पहले भगवान परशुराम की प्रतिमा का पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भगवान परशुराम के जीवन, आदर्शों और उनके द्वारा स्थापित न्याय के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने सदैव कमजोर और गरीबों की सहायता की और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। इसी प्रेरणा से समाज को आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं।
समारोह में उमड़े विशाल जनसमूह को लेकर उन्होंने कहा कि यह लोगों की आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम का आयोजन राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। इस आयोजन में उमड़ी भीड़ को लेकर क्षेत्र में विधायक की लोकप्रियता एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है, जो रायबरेली से लेकर राजधानी तक चर्चा में रही।










