कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के राहुल गुप्ता का चयन पैरा डार्ट्स नेशनल चैम्पियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय पैरा डार्ट्स चैम्पियनशिप के लिए किया गया है। चयन के बाद वह मलेशिया में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो रहे हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 से 26 अप्रैल तक मलेशिया में आयोजित होगी। इसमें राहुल गुप्ता के साथ उनके जुड़वां भाई रोहित गुप्ता, जो सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी हैं, भी प्रतिभाग करेंगे। इससे पहले दोनों भाई श्रीलंका में आयोजित पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
मलेशिया रवाना होने से पहले कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर में राहुल गुप्ता को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम शाहिद इकबाल सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देकर प्रोत्साहित किया।
राहुल गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग को दिया। उन्होंने विशेष रूप से शाहिद इकबाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में सहयोगी वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो उन्हें अपने संस्थान से पूरी तरह प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी मेहनत करता है और बड़े सपने देखता है, लेकिन उन सपनों को साकार करने के लिए संस्थागत सहयोग और प्रोत्साहन आवश्यक होता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर ने राहुल गुप्ता की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वे मलेशिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और संगठन का नाम रोशन करेंगे।










