फिरोजाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर कोमलए और सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के सहयोग से उच्च प्राथमिक विद्यालय, कटरा पठानान में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि पृथ्वी केवल हमारी ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की भी धरोहर है। प्रधानाध्यापिका कल्पना राजौरिया ने बताया कि विद्यालय स्तर पर इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता में अंश शर्मा ने प्रथम, मोहम्मद राजा ने द्वितीय और शिवा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तमन्ना, हुमेरा, आमना, सुल्तान और निशा को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बीएसए ने विजयी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के संस्थापक तुषार कंसल, शिक्षक मोहित शर्मा, अमित कुमार, राहुल यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





