• Home
  • फिरोजाबाद
  • प्रधानों का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

प्रधानों का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

फिरोजाबाद। पंचायत चुनाव समय से न कराए जाने की स्थिति में प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर जिला प्रधान संगठन के बैनर तले जिले भर के प्रधान जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन देने पहुंचे प्रधानों ने अधिकारियों के मौजूद न होने पर आक्रोश जताते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपने से इनकार कर दिया। जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव के नेतृत्व में प्रधान कलक्ट्रेट पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इस पर प्रधान डीएम कार्यालय के सामने बैठ गए। काफी देर बाद उपजिलाधिकारी मुख्यालय पहुंचे और जल्दबाजी में ज्ञापन देने को कहा, जिसे प्रधानों ने अस्वीकार कर दिया।

इससे नाराज प्रधानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “प्रधान एकता जिंदाबाद” और “पंचायतों में प्रशासक सहन नहीं करेंगे” जैसे नारे लगाए गए। प्रधानों का आरोप है कि पूर्व सूचना के बावजूद ज्ञापन लेने के लिए कोई अधिकारी समय पर उपस्थित नहीं हुआ और बाद में आए अधिकारी का व्यवहार भी संतोषजनक नहीं था। जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव और मंडल अध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने कहा कि शासन-प्रशासन की मंशा प्रधानों और पंचायतों के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधान और पंचायतों के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

प्रधान संगठन ने चेतावनी दी है कि 23 अप्रैल से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव, जिला प्रभारी राजेश प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष नारखी अवधेश प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सदर होशियार सिंह, रामनरेश लोधी, भूपेंद्र यादव, अनिल शर्मा सहित कई प्रधान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top