• Home
  • फिरोजाबाद
  • होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 अप्रैल से, अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 अप्रैल से, अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फिरोजाबाद। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। कक्षाओं में जाकर उन्होंने सिटिंग प्लान का निरीक्षण किया और अभ्यर्थियों के बीच पर्याप्त दूरी तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

वहीं जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए महात्मा गांधी बालिका डिग्री कॉलेज और एमजी बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और स्थापित कंट्रोल रूम की भी बारीकी से जांच की गई। जनपद में परीक्षा के लिए कुल छह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एमजी महिला डिग्री कॉलेज और महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में 480-480 अभ्यर्थी, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और सीएल जैन डिग्री कॉलेज में 240-240 अभ्यर्थी, दाऊदयाल महिला महाविद्यालय और एसआरके डिग्री कॉलेज में 384-384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कुल 2208 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर और उप जिलाधिकारी टूंडला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top