KANPUR : हीटवेव से निपटने की तैयारी तेज

♦ अस्पतालों में कूल रूम और शहर में राहत इंतजाम के निर्देश
कानपुर । सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हीटवेव एक्शन प्लान 2026 को लेकर हुई बैठक में गर्मी से बचाव के लिए विभागवार तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। डीएम ने कहा कि लू के दौरान आमजन को राहत देने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें और जरूरी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में कूल वार्ड स्थापित किया जाए तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कम से कम पांच बेड के कूल रूम तैयार किए जाएं। इससे हीटवेव के दौरान मरीजों को तत्काल राहत मिल सके।
राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के तालाबों और अन्य जल स्रोतों की सूची उपलब्ध कराई जाए, जिसके आधार पर सिंचाई विभाग गर्मी में उन्हें भरने की व्यवस्था करेगा। डीएम ने पुलिस विभाग से ट्रैफिक ड्यूटी में लगे कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, जिससे नगर निगम उनके लिए शेड की व्यवस्था कर सके।
नगर निगम को शहर के विभिन्न स्थानों पर छाया, पेयजल और अन्य राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पशु चिकित्सा विभाग को गौशालाओं में पशुओं को लू से बचाने के लिए समुचित इंतजाम करने को कहा गया।
परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि बस अड्डों पर यात्रियों के लिए पेयजल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जल निगम को हीटवेव के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर टैंकरों से जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
अग्निशमन विभाग को सभी केंद्रों पर 24×7 अलर्ट रहने और संसाधनों की सूची तैयार रखने को कहा गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित अग्निकांड को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरिदत्त नेमी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अभिनव सिंह, जुगबीर सिंह, आपदा विशेषज्ञ, कानपुर नगर
सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top