• Home
  • फिरोजाबाद
  • दूसरे दिन भी जारी रहा प्रधान संघ का धरना, डीएम से ज्ञापन लेने की मांग

दूसरे दिन भी जारी रहा प्रधान संघ का धरना, डीएम से ज्ञापन लेने की मांग

फिरोजाबाद। अधिकारियों की कार्यशैली के विरोध में जिला मुख्यालय पर जिला प्रधान संघ का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान धरने पर बैठे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। वे जिलाधिकारी से मिलकर अपना ज्ञापन सौंपना चाहते हैं, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं आया है, जिससे प्रधानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

प्रधानों ने चेतावनी दी कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं आकर उनका ज्ञापन स्वीकार नहीं करेंगे, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने इसे अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई बताया। प्रधान संघ की प्रमुख मांग है कि पंचायत चुनाव समय से कराए जाएं। यदि किसी कारणवश चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं, तो वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।

मंडल अध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने कहा कि शासन-प्रशासन में बैठे लोग संवैधानिक मर्यादाओं को नष्ट करने का काम कर रहे हैं, जो बर्दाश्त योग्य नहीं है। धरने में जिला उपाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कुमार, विनोद कुमार शर्मा, बीएल बघेल, होशियार सिंह यादव, ब्रह्माप्रकाश राजपूत, अवधेश प्रताप सिंह, पूरन सिंह फौजी, पप्पू सिंह, परवेज, सूबेदार सिंह राठौर, सुबोध कुमार, अनुपम यादव, नीरज कुमार यादव और तारा चंद्र सहित कई प्रधान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top