फिरोजाबाद। शहर में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। थाना दक्षिण क्षेत्र के सुहागनगर में महिलाओं ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज महिलाओं ने पहले सुहाग नगर बिजलीघर पर हंगामा किया और बाद में सुहाग नगर चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर बिजली विभाग के कर्मचारी उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और जबरन मीटर लगाने का दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि प्रीपेड मीटर से उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी नगर प्रवीण तिवारी ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात दोबारा सामान्य हो सका।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।





