• Home
  • फिरोजाबाद
  • स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन, बिजलीघर में तोड़फोड़

स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन, बिजलीघर में तोड़फोड़

फिरोजाबाद। जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार दोपहर रहना नाला स्थित ककरऊ कोठी विद्युत सब स्टेशन पर करीब 40 से अधिक महिलाएं एकत्र होकर पहुंचीं और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में जमकर हंगामा किया। इस दौरान गुस्साई महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय में रखी मेज, कुर्सियां और शीशे तोड़ दिए, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उनका कहना था कि मीटर रीडिंग में पारदर्शिता की कमी है और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान भी नहीं किया जा रहा। इसी नाराजगी के चलते महिलाएं अधिकारियों से जवाब मांगने पहुंचीं, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनका गुस्सा भड़क उठा।

देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और महिलाओं ने बिजलीघर के अंदर रखे फर्नीचर को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। मेज-कुर्सियों को पलट दिया गया और खिड़कियों-दरवाजों के शीशे तोड़ दिए गए। करीब आधे घंटे तक परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद कर्मचारी सहमे रहे और स्थिति संभालने का प्रयास करते रहे। महिलाओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को मनमाने बिल दिए जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग केवल आश्वासन देता है, समाधान नहीं करता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

हंगामे के बाद महिलाएं नारेबाजी करते हुए वापस लौट गईं, लेकिन जाते-जाते बिजली विभाग और प्रशासन को सख्त चेतावनी दे गईं। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में भी हलचल मच गई और पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top