• Home
  • फिरोजाबाद
  • भगवान नेमिनाथ की भव्य बारात निकली, पशुओं की करुण पुकार सुन हुआ वैराग्य

भगवान नेमिनाथ की भव्य बारात निकली, पशुओं की करुण पुकार सुन हुआ वैराग्य

फिरोजाबाद। तीर्थंकर पंचोत्सव के अंतर्गत भगवान नेमिनाथ की भव्य बारात गाजे-बाजे के साथ धूमधाम से निकाली गई। हालांकि पशुओं की करुण पुकार सुनकर भगवान नेमि को वैराग्य हो गया और वे विवाह त्यागकर आत्म कल्याण के मार्ग पर अग्रसर हो गए।

रविवार को भगवान नेमिनाथ की बारात अट्टावाला जैन मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर, सदर बाजार, सेंट्रल चौराहा, कंपनी बाग और बस स्टैंड होते हुए श्री महावीर जिनालय पर संपन्न हुई। बारात में ऊंट, घोड़े और सजी-धजी बग्गियों पर विभिन्न देव रूपों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

इनमें कुबेर इंद्र, यज्ञनायक, ईशान इंद्र, सानत इंद्र, महेंद्र इंद्र, ब्रह्म इंद्र, ब्रह्मोत्तर इंद्र, लावंत इंद्र, शुक्र इंद्र, कापिष्ठ इंद्र और महाशुक्र इंद्र सहित भगवान की बुआ विराजमान थीं। अंत में स्वर्ण बग्गी पर सौधर्म इंद्र, प्रभु नेमि कुमार को साथ लिए चल रहे थे।

बारात में सैकड़ों श्रद्धालु नृत्य करते हुए शामिल हुए। मार्ग में जैन युवा संघर्ष समिति, भारतीय जैन मिलन, जैन मित्र मंडल, पल्लीवाल महासभा और महिला जैन मिलन द्वारा बारातियों का तिलक कर और दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

विवाह मंडप के निकट पहुंचने पर नेमिकुमार के सौंदर्य को देखकर राजीमती अत्यंत प्रसन्न हुईं। तभी नेमिकुमार के कानों में करुण स्वर सुनाई दिए। सारथी से पूछने पर बताया गया कि विवाह में बारातियों को मांस परोसा जाएगा, जिसके लिए पशुओं को बांधकर रखा गया है। यह सुनकर नेमिकुमार के मन में गहरा वैराग्य उत्पन्न हुआ। उन्होंने सोचा कि निर्दोष प्राणियों की हत्या कर प्राप्त सुख व्यर्थ है। इसके बाद उन्होंने सारथी को आदेश देकर सभी पशुओं को मुक्त कराया और स्वयं भी विवाह त्यागकर मोक्ष मार्ग की ओर प्रस्थान कर गए। इस घटना ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

बारात में मुकेश जैन विभव, निमिष जैन, शैलेन्द्र जैन शैली, संजीव जैन एडवोकेट, विजय जैन एड, संजय जैन पीआरओ, अनुज जैन तुलसी, मनोज जैन, राहुल जैन, अशोक भदावर, राजेश जैन, विशाल जैन एडवोकेट, धर्मेंद्र जैन रोकी, देवेंद्र जैन रसूलपुर, चंद्र प्रकाश जैन, प्रवीण जैन, मनीष जैन किड्स, सौरभ जैन, जितेंद्र जैन टाइगर, महेंद्र जैन, राजू जैन, धीरेश जैन सिंघई, अभिषेक जैन, श्रेयांश जैन, राजीव जैन और जयंती प्रसाद जैन सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top