फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान ने कहा कि महिलाओं की आवाज को समाज और शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। तुलसी पैलेस में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मीडिया ही वह माध्यम है, जिसके जरिए महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, उत्पीड़न और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सकता है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीरता से कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीति करने में जुटा है। महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों से देश की महिलाएं अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उन्हें उनका पूरा हक नहीं मिल पाया।
प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए बबिता चौहान ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का संज्ञान लिया जाएगा और उनका समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का उद्देश्य जनता पर बोझ डालना नहीं, बल्कि व्यवस्था को बेहतर बनाना है। पुरुष आयोग बनाए जाने की मांग और पुरुषों के साथ होने वाले उत्पीड़न के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार कहीं अधिक गंभीर और व्यापक हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं को जिंदा जला दिया जाता है, उन्हें प्रताड़ित किया जाता है और न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने समाज को नकारात्मक प्रचार से दूर रहकर संतुलित सोच अपनाने की सलाह दी और कहा कि महिला आयोग केवल महिलाओं ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के हित में कार्य कर रहा है।
उन्होंने भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने का काम किया है और वर्ष 2027 के चुनाव में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ा रहा है। टूंडला तहसीलदार राखी शर्मा प्रकरण में भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा तहसील प्रशासन के खिलाफ पत्र लिखे जाने के सवाल पर बबिता चौहान ने सीधा जवाब देने से परहेज किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।





