फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा शास्त्री मार्केट और चंद्रशेखर आजाद मार्केट को तोड़कर नए कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्ताव के विरोध में सैकड़ों व्यापारियों ने सदर विधायक और महापौर को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने मांग की कि दोनों मार्केट पूरी तरह सुरक्षित हैं, इसलिए इन्हें न तोड़ा जाए। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामनरेश कटारा, महानगर अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी और शास्त्री मार्केट कमेटी अध्यक्ष निकेश जैन के नेतृत्व में व्यापारियों ने सदर विधायक मनीष असीजा और महापौर कामिनी राठौर से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मार्केट की स्थिति कहीं से भी जर्जर नहीं है और केवल मामूली रंग-रोगन व मरम्मत से इसे और बेहतर बनाया जा सकता है।
व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम को पहले मार्केट की मूलभूत समस्याओं जैसे रंग-रोगन, सीढ़ियों की मरम्मत, शौचालय की व्यवस्था, दुकानों के ट्रांसफर और किराया संबंधी मुद्दों का समाधान करना चाहिए। इसके बजाय कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव व्यापारियों में असंतोष और भय पैदा कर रहा है।
इस पर सदर विधायक ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होगी और उनकी सहमति के बिना कोई भी मार्केट नहीं तोड़ी जाएगी। वहीं महापौर ने बताया कि दो दिन बाद नगर निगम अधिकारियों के साथ मार्केट में बैठक कर व्यापारियों की समस्याओं को सुना जाएगा और समाधान का प्रयास किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में संजय बंसल, विनोद वर्मा, सचिन गुप्ता, पिंटू दत्त, सोनू धरना, जतिन धरना, राहुल जैन, खुशहाल लालवानी, तन्मय बंसल, राजू मित्तल, यश ठाकुर और यश बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।





