• Home
  • फिरोजाबाद
  • कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा ने सौंपा ज्ञापन, उद्योग संकट पर जताई चिंता

कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा ने सौंपा ज्ञापन, उद्योग संकट पर जताई चिंता

फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा ने शांतिपूर्ण और प्रतीकात्मक पुलिस अभिरक्षा में मौन जुलूस निकालकर एसपी सिटी और नगर मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चूड़ी उद्योग के संकट और श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग की गई। सभा के महामंत्री रामदास मानव ने बताया कि फिरोजाबाद का कांच एवं चूड़ी उद्योग अत्यंत दयनीय स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे जुड़े करीब पांच लाख मजदूरों के भविष्य पर संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया संकट के चलते आरएलएनजी गैस की आपूर्ति में 20 से 35 प्रतिशत तक कटौती की गई है, जिसके कारण शहर की 80 से अधिक चूड़ी इकाइयां बंद होने की कगार पर हैं।

इस स्थिति से लगभग पांच लाख कामगारों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। उत्पादन में कमी आने से न केवल फैक्ट्री मजदूर, बल्कि घरों पर जुड़ाई, सड़ाई, छंटाई, चकलाई और नग बेलन जैसे कार्य करने वाले श्रमिक भी प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि गैस आपूर्ति में की गई कटौती को तुरंत बहाल किया जाए। साथ ही गेल गैस के साथ हुए अनुबंध के आधार पर चूड़ी उत्पादन इकाइयों को रियायती दरों पर गैस उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त श्रमिकों की श्रेणी के अनुसार मजदूरी दर निर्धारित करने और वर्तमान महंगाई को देखते हुए न्यूनतम मजदूरी तय कर नया शासनादेश जारी करने की भी मांग उठाई गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रविंद्र सिंह राठौर, नवल सिंह एडवोकेट, हाकिम सिंह निमोरिया, हेत सिंह शंखवार, नरेश कुमार शंखवार और केशकांत शंखवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top