• Home
  • फिरोजाबाद
  • स्मार्ट मीटर विरोध में महिलाओं ने कोटला चुंगी पर लगाया जाम

स्मार्ट मीटर विरोध में महिलाओं ने कोटला चुंगी पर लगाया जाम

फिरोजाबाद। स्मार्ट बिजली मीटरों के विरोध में मोहल्ला संतोष नगर की महिलाओं ने कोटला चुंगी चौराहे पर जाम लगा दिया। फ्लाईओवर के नीचे हुए इस प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संतोष नगर की महिलाओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। इस कारण कोटला चुंगी चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पुराने मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए अधिक परेशानी का कारण बन रहे हैं। महिलाओं ने नए स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने मीटर फिर से लगाने की मांग की।

किन्नर समुदाय के लोग भी महिलाओं के समर्थन में शामिल हो गए। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने की अपील की। किन्नरों का कहना था कि स्मार्ट मीटर से जनता परेशान है और बिजली बिलों को लेकर शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। सूचना मिलने पर थाना उत्तर प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोटला रोड चौकी प्रभारी अनुज कुमार तिवारी व महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुट गए। अधीक्षण अभियंता (शहरी) विजय मोहन खेड़ा ने कहा कि आक्रोशित महिलाएं धैर्य बनाए रखें। स्मार्ट मीटर में रुपये जमा होने पर कनेक्शन विच्छेद नहीं किया जाएगा। उपभोक्ता समय से भुगतान करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top