• Home
  • फिरोजाबाद
  • स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण करें अधिकारी : डीएम

स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण करें अधिकारी : डीएम

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की तकनीकी या बिलिंग संबंधी शिकायतों का मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में कैंपों का आयोजन करें, जहां उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो सके। उन्होंने कहा कि सहायक अभियंता और अवर अभियंता निरंतर कैंपों में उपस्थित रहेंगे और जनसुनवाई करेंगे।

कैंपों के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को लगातार निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम प्रधानों और कोटेदारों की जवाबदेही भी तय की गई है, ताकि वे जनता और विभाग के बीच सेतु का कार्य करें। डीएम ने सख्त शब्दों में चेतावनी दी कि ऐसे असामाजिक तत्व, जो स्मार्ट मीटर को लेकर जनता के बीच अराजकता और भ्रम फैला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) विशु राजा के साथ विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top