फिरोजाबाद। माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना देकर डीआईओएस को दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र यादव और महामंत्री राजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न समस्याओं को लेकर डीआईओएस कार्यालय पर शिक्षकों ने धरना देकर अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षक संघ ने सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करने, सेवा सुरक्षा की पुनर्स्थापना, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, व्यावसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा देने, एनपीएस की कटौती का समुचित रखरखाव करने, मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों के सेवा संबंधी अभिलेखों की त्रुटियां दूर करने आदि की मांग की।
धरना स्थल पर पहुंचे डीआईओएस धीरेंद्र कुमार ने दस सूत्रीय मांग पत्र लेकर आश्वासन दिया कि उनके स्तर की सभी मांगें जल्द ही पूरी की जाएंगी। साथ ही शासन स्तर की मांगों को सरकार को प्रेषित किया जाएगा।
धरने में कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्रा, ऑडिटर ओपी यादव, जिला प्रवक्ता पंकज भारद्वाज, प्रधानाचार्य रामकेश यादव, बृजेश कुमार, गौरी शंकर बिंद, सुनील यादव, अर्सलान उजमा, नीतू यादव, मिन्नत, आसमा, गोविंद दुबे, उदयभान, संजीव जैन, गोकुल चंद्र गौतम, सुनील यादव, धर्मेन्द्र, प्रवेश पांडे और मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता मौजूद रहे।





