फिरोजाबाद। जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एस.एन. बिजलीघर पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना को जनता के साथ खुली लूट बताते हुए विद्युत विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट चीटर है”, “जनता को लूटना बंद करो” और “पुराने मीटर वापस लाओ” जैसे नारों से बिजलीघर परिसर गूंज उठा।
आम आदमी पार्टी के बैनर तले एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। गरीब, मजदूर, चूड़ी श्रमिक और मध्यमवर्गीय परिवार इस बढ़े हुए बिल के बोझ तले दबते जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से एडवांस रिचार्ज, अधिक यूनिट की रीडिंग और बार-बार बैलेंस कटौती के जरिए आर्थिक शोषण किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने तकनीक के नाम पर जनता को राहत देने के बजाय नई परेशानी खड़ी कर दी है।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों का मासिक खर्च किसी तरह चलता है, उन्हें अब हजारों रुपये के बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर गरीब विरोधी योजना है, जिसका फायदा केवल निजी कंपनियों और विभागीय तंत्र को मिल रहा है, जबकि नुकसान सीधे आम आदमी को उठाना पड़ रहा है। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर बिजलीघर के मुख्य द्वार पर बैठ गए और काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए, पहले से लगे मीटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन उपभोक्ताओं के बिलों में अनियमितता आई है, उन्हें राहत दी जाए।
धरने की सूचना पर थाना उत्तर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी उत्तर अंजीश कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने, उपभोक्ताओं के बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने तथा गरीब परिवारों को राहत देने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष शीलेंद्र वर्मा, मुकेश यादव, सत्यभान यादव, कृष्णकांत, विष्णु पाराशर, जितेंद्र प्रजापति, पूनम गौतम, निर्मल वर्मा, अमित गर्ग, ब्रह्मदत्त, रतलेश यादव, चंद्रप्रकाश राजपूत, सुरेशानंद आदि मौजूद रहे।





