– स्मार्ट मीटर से परेशान महिलाओं ने ककरऊ कोठी फीडर पर किया हंगामा
फिरोजाबाद। शहर में 70 हजार से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर विद्युत विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था जीएमआर कंपनी के माध्यम से लगाए गए हैं। मीटर लगने के बाद से ही लगातार शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन विभाग मीटर लगाने वाली संस्था जीएमआर पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। नगर में प्रतिदिन स्मार्ट मीटरों के विरोध में बिजली घरों का घेराव और सड़कों पर हंगामा हो रहा है। इसके बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी इस प्रकरण को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
सुहागनगरी में उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर सिरदर्द बन गए हैं। रविवार को दोपहर 12 बजे गंगानगर, सुदामा नगर, सत्य नगर, टापाकला सहित अन्य क्षेत्रों की महिलाओं ने ककरऊ कोठी फीडर का घेराव कर विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
महिलाओं का कहना है कि वे प्रतिदिन चूड़ी बनाकर और मजदूरी करके 200 से 300 रुपये कमाती हैं, जबकि स्मार्ट मीटर के कारण 2 हजार से 3 हजार रुपये तक का बिजली बिल आ रहा है। उनका कहना है कि पुराने मीटरों में कभी इतना बिल नहीं आता था।
महिलाओं ने अधिकारियों से मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए जी का जंजाल बन गए हैं।
अधीक्षण अभियंता (शहर) विजय मोहन खेड़ा ने बताया कि स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और मीटर लगाने वाली संस्था जीएमआर को निर्देश दिए हैं कि मीटरों में आने वाली कमियों को दूर किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। प्रदर्शन करने वालों में सोमवती, शमीना, रूबी, मिथलेश, कमलेश, सुधा, मुकेश, नरेश, राकेश, मनीष, रघुवीर, महावीर, गजेंद्र, बबलू और बंटी आदि मौजूद रहे।





