• Home
  • फिरोजाबाद
  • आसफाबाद नई बस्ती की महिलाओं ने एसएन फीडर का किया घेराव

आसफाबाद नई बस्ती की महिलाओं ने एसएन फीडर का किया घेराव

फिरोजाबाद। शहर के आसफाबाद नई बस्ती क्षेत्र की महिलाओं ने स्मार्ट मीटर में अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत को लेकर एसएन विद्युत कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिलों में अचानक काफी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। आसफाबाद नई बस्ती क्षेत्र की महिलाओं ने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने बिजली बिल दिखाते हुए कहा कि पहले जहां सामान्य बिल आता था, वहीं अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई गुना अधिक राशि दिखाई जा रही है। इससे उपभोक्ता मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच कर राहत दिलाने की मांग की।

सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे और थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिलों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर समझाने-बुझाने के बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर की मनमानी और बढ़े हुए बिलों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगी। इस दौरान गुंजन, ममता, अनीता, शीला, हिना, पिंकी आदि सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top