फिरोजाबाद। जनपद की नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने विकास कार्य एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने विकास योजनाओं की देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को ईमानदारी और निष्ठा के साथ समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग संयुक्ता समद्दार ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि पाइपलाइन बिछाने हेतु खोदी गई सड़कों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। इस योजना के तहत 564 गांवों में चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने अत्यंत नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य समय से पूर्ण करने की चेतावनी दी। साथ ही कार्यों का भौतिक सत्यापन जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विद्युत, पर्यटन और वन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही गर्मी के मद्देनजर सभी ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जनपद को पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने के लिए सभी क्रियाशील योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड जितना बनना जरूरी है, उससे अधिक इसका लाभ भी लोगों को मिल सके। अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यालय में सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई करें। महिला अपराधों से संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। नोडल अधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सभी विभाग पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें, ताकि जनता को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
नोडल अधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और ग्लास म्यूजियम का निरीक्षण किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त प्रशांत नागर, अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामबदन राम, परियोजना निदेशक, बीएसए आशीष कुमार पांडे आदि अधिकारी उपस्थित रहे।





