• Home
  • रायबरेली
  • उद्यान मंत्री ने नवीन उपमंडी स्थल का उद्घाटन किया

उद्यान मंत्री ने नवीन उपमंडी स्थल का उद्घाटन किया

रायबरेली। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने जनपद रायबरेली में किसानों की सुविधा के लिए ऊंचाहार और सतांव में दो नई मंडियों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मंडी और जिला पंचायत के माध्यम से लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं निर्माणाधीन करीब 150 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि नई मंडियों के शुरू होने से किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए 40-50 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि 2-3 किलोमीटर के दायरे में ही उन्हें क्रय-विक्रय की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में 100 से अधिक सड़कों के लोकार्पण एवं शिलान्यास से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या का समाधान हुआ है और जनता को बेहतर सुविधा मिल रही है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नवीन उपमंडी स्थल के शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए व्यवस्थित मंच मिलेगा, जिससे उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होगा और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न विकास योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। इस अवसर पर ज्येष्ठ माह के प्रथम मंगलवार को मंडी परिषद सतांव में सुंदरकांड एवं संगीतमय पाठ का आयोजन भी किया गया, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, पूर्व विधायक राकेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, सुशील शर्मा, सुरेंद्र दाढ़ी, विनोद वाजपेई, पप्पू लोहिया, मंडी परिषद के मुख्य अभियंता, उपनिदेशक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top