रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार परियोजना में कर्मचारियों की कल्याणकारी संस्था जागृति क्लब एवं क्रीड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव संपन्न हुए। चुनाव परियोजना के महाप्रबंधक (प्रचालन) दिलीप कुमार साहू के निर्देशन में संपन्न कराया गया, जिन्होंने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाई। जागृति क्लब के चुनाव में इंटक यूनियन समर्थित प्रत्याशी नागेंद्र प्रताप सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रूपेश कुमार को 83 मतों से पराजित कर सचिव पद पर जीत दर्ज की। वहीं संयुक्त सचिव पद पर सुरेंद्र बिंद ने 200 वोट प्राप्त कर वीरेंद्र यादव को 106 मतों से हराकर रिकॉर्ड जीत हासिल की।
इसके अलावा इंटक समर्थित प्रत्याशी लघु शंकर यादव, घनश्याम मिश्रा, गौतम निषाद, राम सहाय और रोहित आर्या ने सदस्य पद पर एकतरफा जीत दर्ज की। अवंतिका नेगी भी चुनाव जीतने में सफल रहीं। क्रीड़ा परिषद के चुनाव में जसवंत मीणा सचिव तथा विक्रांत सिंह संयुक्त सचिव चुने गए। वहीं गीतांजलि, हार्दिक गुप्ता, मुकेश कुमार, शौर्य कुमार और विनीत सदस्य पद पर भारी मतों से निर्वाचित हुए।
इंटक यूनियन के शानदार प्रदर्शन पर यूनियन अध्यक्ष आज्ञा शरण सिंह एवं महासचिव राहुल कनौजिया ने सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के साथ अपने संकल्पों को पूरा करने का पूरा प्रयास करेंगे। इस चुनाव में मिली सफलता पर परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, विभिन्न विभागाध्यक्षों, एनटीपीसी अधिकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष शशिकांत राय सहित देशभर की विद्युत परियोजनाओं के इंटक नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्थानीय इंटक टीम को बधाई दी।
इंटक यूनियन की जीत में शिव राम ओझा, राहुल कनौजिया, मत्सेंद्र दुबे, रचना पाल, मनोज तिवारी और शिवम सिंह सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। नवनिर्वाचित सचिव नागेंद्र प्रताप सिंह एवं सुरेंद्र बिंद ने सभी को भरोसा दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सकारात्मक एवं पारदर्शी तरीके से करेंगे।





