हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर पराग डेयरी के निकट उस समय बड़ा हादसा टल गया जब आगरा से बुलंदशहर जा रही रोडवेज बस और सामने से आ रहे कैंटर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दोनों वाहन पराग डेयरी के सामने पहुंचे, अचानक आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर भी एकत्र हो गए, जिससे जाम की स्थिति बन गई।
इस दुर्घटना में आगरा निवासी संजय पुत्र गणेश और बुलंदशहर के खानपुर निवासी सोहिल पुत्र इस्लाम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सासनी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। इस घटना में बस में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।





