फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय, लेखाधिकारी कार्यालय तथा विभिन्न अनुभागों के पटलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और कार्य संस्कृति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यों को लंबित रखने की प्रवृत्ति छोड़कर त्वरित निस्तारण की कार्यशैली अपनाई जाए। उन्होंने शिकायतों और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन एवं अन्य देयकों का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर देरी अक्षम्य होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य भी मौजूद रहे।





