हाथरस। नगर पंचायत सासनी में सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब आर-पार की लड़ाई में बदल गया है। अपनी 14 सूत्रीय मांगों की अनदेखी से नाराज सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने की आशंका बढ़ गई है। गुरुवार को नगर पंचायत परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज दिलेर एवं महासचिव अशोक कुमार वाल्मीकि ने बताया कि कर्मचारियों ने बीती 11 मई को प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के साथ कई दौर की मौखिक वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद पूर्ण कार्य बहिष्कार का फैसला लिया गया।
सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनके वेतन से भविष्य निधि (पीएफ) की कटौती तो लगातार की जा रही है, लेकिन वह धनराशि उनके खातों में जमा नहीं हो रही। इसके अलावा लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान भी नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। महासचिव अशोक कुमार वाल्मीकि ने कहा कि कर्मचारियों का जो पैसा उन्हें मिलना चाहिए था, उसे प्रशासन ने विकास कार्यों में खर्च कर दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत की कमाई के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक सभी 14 मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
गुरुवार से शुरू हुई इस हड़ताल का सीधा असर नगर की स्वच्छता व्यवस्था पर पड़ने लगा है। भीषण गर्मी के बीच यदि कूड़ा उठान और सड़कों की सफाई नियमित रूप से नहीं हुई तो नगर क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों में भी गंदगी को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस गतिरोध को समाप्त कराने के लिए कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में अध्यक्ष मनोज दिलेर, दयाचंद्र शेखर, हरीशंकर, राजेश, शारदा देवी, नीलम कुमारी, गीता, आकाश, चन्द्रभानु, कुलदीप, शाहिल, त्रिमोहन, सुनील, मोहन, सोनू, अनिल, आशु, निर्मल कौशल, प्रेमचंद, ओमप्रकाश, सुरजीत, निक्की, पवन, शिवम, विष्णू सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।





