हाथरस। जिला पंचायतराज अधिकारी ने बताया कि जनपद की 13 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ये पद विकास खंड हाथरस, मुरसान, सादाबाद, सासनी एवं सहपऊ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन आमंत्रित करने की सूचना 20 मई से 23 मई 2026 तक सूचना पट्ट एवं मुनादी के माध्यम से प्रकाशित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 मई से 30 मई 2026 तक अपने आवेदन जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, विकास खंड कार्यालय अथवा संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय में जमा कर सकेंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची तैयार कर जिला स्तरीय समिति को भेजी जाएगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा अभिलेखों का परीक्षण 9 जून से 15 जून 2026 तक किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 16 जून से 18 जून 2026 तक नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।





