रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली में कर्मचारियों के बच्चों के लिए 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कैंप का शुभारंभ संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने किया। यह कैंप 18 मई से 27 मई तक आयोजित किया जाएगा। कैंप की पहल एम्स रायबरेली की क्रेच समिति द्वारा बालरोग शल्यचिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता सिंह के मार्गदर्शन में की गई है। कैंप के सफल संचालन के लिए लिटिल राइडर्स प्ले स्कूल की टीम क्रेच समिति के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों को रचनात्मक, रोचक और यादगार अनुभव प्रदान करने में सहयोग कर रही है। उद्घाटन अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन, उपनिदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह तथा वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय ने बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
ग्रीष्मकालीन कैंप में बच्चों के लिए विज्ञान प्रयोग, ड्राइंग, STEAM गतिविधियां, क्राफ्ट सेशन, पॉटरी और पूल पार्टी जैसी कई रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने, रचनात्मकता विकसित करने और समूह में कार्य करने का अवसर मिल रहा है। संस्थान प्रशासन ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इसी क्रम में एम्स रायबरेली ने अपने शैक्षणिक एवं आवासीय ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्राओं के लिए नए छात्रावास निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया। यह परियोजना एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत लगभग 13.99 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा अधिशासी अभियंता वाई. पी. सिंह के निर्देशन में कराया जा रहा है।
प्रस्तावित एस+7 बालिका छात्रावास में 65 डबल ऑक्यूपेंसी कमरे होंगे, जिनमें कुल 130 छात्राओं के रहने की व्यवस्था की जाएगी। हॉस्टल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमरे, कॉमन रूम, मनोरंजन क्षेत्र, इंटरनेट सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह में कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन, एनटीपीसी ऊंचाहार के प्रोजेक्ट हेड बिस्वा मोहन सिंह, कर्नल अखिलेश सिंह, कर्नल यू. एन. राय, एएमएस नीरज कुमार श्रीवास्तव सहित संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एम्स रायबरेली के इंजीनियरिंग विभाग ने परियोजना की योजना, समन्वय और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता हरीश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता (सिविल) छत्रपाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) विशाल सिंह, सहायक अभियंता सूरज कुमार विश्वकर्मा सहित इंजीनियरिंग विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने कहा कि यह गर्ल्स हॉस्टल परियोजना संस्थान की शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संस्थान नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्राओं के लिए सुरक्षित, समावेशी और छात्र-केंद्रित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा CSR के अंतर्गत दिए गए सहयोग तथा इंजीनियरिंग सेवा विभाग एवं यूपीएसआईसी लिमिटेड के प्रयासों की सराहना की।





