• Home
  • रायबरेली
  • रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) ने आरेडिका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट का किया निरीक्षण

रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) ने आरेडिका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट का किया निरीक्षण

  • उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता एवं तकनीकी उन्नयन की समीक्षा, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायबरेली। रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) सुनील कुमार ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट (एफडब्ल्यूपी), रायबरेली का दौरा कर कोच एवं फोर्ज्ड व्हील उत्पादन की प्रगति, गुणवत्ता मानकों तथा उत्पादन क्षमता विस्तार से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने महाप्रबंधक रामन कृष्णन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्पादन, गुणवत्ता, प्रौद्योगिकी उन्नयन तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप क्षमता विकास पर विस्तृत चर्चा की। दौरे के दौरान अपर सदस्य ने आरेडिका के आवासीय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेल शॉप, बोगी शॉप, व्हील शॉप, फिनिशिंग शॉप तथा फोर्ज्ड व्हील प्लांट का भ्रमण किया। इस दौरान दीनदयालु, एसी-3 टियर, स्लीपर एवं जनरल श्रेणी सहित विभिन्न प्रकार के रेल कोचों के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कच्चे माल की प्राप्ति से लेकर फोर्ज्ड व्हीलों के निर्माण, मशीनिंग, परीक्षण एवं गुणवत्ता की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए आधुनिक मशीनों एवं उत्पादन प्रणालियों की जानकारी प्राप्त की तथा गुणवत्ता एवं उत्पादकता में सतत सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए। सुनील कुमार ने कहा कि फोर्ज्ड व्हील प्लांट का रेल मंत्रालय के अधीन संचालन भारतीय रेल की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश में उच्च गुणवत्ता वाले फोर्ज्ड व्हीलों के स्वदेशी निर्माण से आयात पर निर्भरता कम होगी, रेल पहियों की आपूर्ति श्रृंखला अधिक सुदृढ़ होगी तथा भारतीय रेल की उत्पादन क्षमता एवं परिचालन दक्षता को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में फोर्ज्ड व्हीलों की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के समुचित उपयोग तथा गुणवत्ता मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए। साथ ही उत्पादन प्रक्रिया में दक्षता, नवाचार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

दौरे के दौरान आरेडिका की कर्मचारी यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने अपर सदस्य से मुलाकात कर कर्मचारी सुविधाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। अपर सदस्य ने विभिन्न शॉपों में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली एवं मशीन संचालन की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक वी.के. पाठक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रवीश कुमार, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी महेश सिंह, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top