ऊंचाहार, रायबरेली। रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने नगर के दीवान तालाब के किनारे पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम अपने बच्चों की देखभाल करते हैं, उसी तरह पौधों की भी परवरिश करनी चाहिए। तभी हमारा पर्यावरण सुरक्षित रह सकेगा। इस दौरान उन्होंने फलदार और छायादार पौधे रोपे तथा नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाएं और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित करें।
अध्यक्ष ममता जायसवाल ने कहा कि जीवन की डोर पौधों से ही जुड़ी है। ऑक्सीजन, छाया और फल हमें पेड़ों से ही मिलते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद जायसवाल, सभासद, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छ और हरे-भरे नगर का संकल्प लिया।










