पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। सरस्वती इंटर कॉलेज, खीरो रायबरेली में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद स्तरीय इस कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के अंतर्गत हरिशंकरी (बरगद, पीपल, पाकड़) का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया तथा प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ‘हरित उत्तर प्रदेश’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई आकर्षक चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ ही जनपद रायबरेली में मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे सघन वनीकरण और पौधरोपण की आधुनिक तकनीकों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को वैज्ञानिक एवं प्रभावी वृक्षारोपण की जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक डमी चेक, प्रमाणपत्र, आवास की चाभियां एवं पौधों का वितरण किया गया। धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने किया। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनसहभागिता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, डीएफओ प्रखर मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत राय, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी खीरो अंजू रानी वर्मा, देवेंद्र सिंह, विजय प्रताप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





