पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ जनपद रायबरेली में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ हुआ। इस महाअभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन और थाना खीरों क्षेत्र में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने देशव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की अपनी मां की तरह निरंतर देखभाल और सुरक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं से इस हरित क्रांति का हिस्सा बनने की अपील की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान केवल मुख्य स्थल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनपद के सभी थानों, पुलिस चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी वृहद स्तर पर चलाया गया। सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने परिसरों में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे लगाकर अभियान में योगदान दिया। इस अवसर पर वन विभाग, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की शपथ ली।





